AurangabadBreaking News

औरंगाबाद : बाबरगांव फाटे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से भाई–बहन की मौत, पिता गंभीर घायल

औरंगाबाद/प्रतिनिधि 

औरंगाबाद जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें ट्रक ने जोरदार टक्कर मारते ही दो छोटे भाई–बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा गंगापुर के पास बाबरगांव फाटा क्षेत्र में हुआ। पिता की आंखों के सामने ही दोनों मासूमों ने दम तोड़ दिया। बच्चों के शव देखने के बाद पिता फफक-फफक कर रोने लगे। यह मंजर देखकर वहां मौजूद लोग भी सिहर उठे।

हादसे में मारे गए बच्चों की पहचान 5 वर्षीय विराट प्रदीप जाधव और ढाई वर्षीय खुशी प्रदीप जाधव के रूप में हुई है। शेकटा निवासी प्रदीप जाधव रविवार को वैजापूर तहसील के महागांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे अपने दोनों बच्चों को मोटरसाइकिल पर लेकर गंगापुर मार्ग से शेकटा की ओर लौट रहे थे।

इसी दौरान बाबरगांव फाटा के जिनिंग के  सामने औरंगाबाद से गंगापुर की ओर आ रहे एक ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता प्रदीप जाधव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत औरंगाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

टक्कर होते ही ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। भीषण हादसे के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। गंगापुर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button