महानगरपालिका सार्वत्रिक चुनाव 2025–26: जालना में नामांकन प्रक्रिया पूर्ण, 1260 आवेदन प्राप्त

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर महानगरपालिका के सार्वत्रिक चुनाव 2025–26 के तहत नामांकन स्वीकार करने की प्रक्रिया 30 दिसंबर 2025 को संपन्न हुई। अंतिम दिन वार्ड क्रमांक 1 से 16 तक देर रात तक नामांकन पत्र स्वीकार किए गए, जिससे चुनावी माहौल और अधिक सक्रिय नजर आया।
चुनाव कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 दिसंबर 2025 को एक ही दिन में कुल 959 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। वहीं 23 दिसंबर से 30 दिसंबर 2025 की पूरी नामांकन अवधि के दौरान कुल 1260 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 31 दिसंबर 2025 को सुबह 11 बजे से सभी निर्वाचन निर्णय अधिकारियों के कार्यालयों में नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया (स्क्रूटनी) शुरू की जाएगी। जांच पूरी होते ही संबंधित कार्यालयों में वैध रूप से नामांकित उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित की जाएगी।
इसके बाद उम्मीदवारों को नामांकन वापस लेने का अवसर दिया जाएगा। उम्मीदवार 2 जनवरी 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक संबंधित निर्वाचन निर्णय अधिकारियों के कार्यालयों में अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकेंगे।
नामांकन की भारी संख्या से यह स्पष्ट है कि जालना महानगरपालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं और आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियां और भी रफ्तार पकड़ने वाली हैं।
