गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस से विजय सिंह द्वारा मुंबई भेजा जा रहा था तीन टन गोमांस, वडोदरा स्टेशन पर जब्त

अमृतसर से चलने वाली गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस में 1283 किलो यानी करीब तीन टन गोमांस को छिपाकर मुंबई भेजा जा रहा था, जिसे गुजरात के वडोदरा रेलवे स्टेशन पर जब्त कर लिया गया। यह मांस 16 पार्सलों में ट्रेन की लगेज बोगी में बुकिंग के जरिए भेजा जा रहा था।
अमृतसर से मुंबई भेजा जा रहा था बीफ
पुलिस के अनुसार, यह बीफ अमृतसर के एक व्यक्ति विजय सिंह द्वारा पार्सल के रूप में मुंबई निवासी जफर शब्बीर को भेजा जा रहा था। ट्रेन की लगेज बोगी में इसे छिपाकर रखा गया था, ताकि किसी को शक न हो।
गोरक्षक संगठनों की सूचना से खुला मामला
संयुक्त गोरक्षक सेवा दल पंजाब के सदस्य गुरप्रीत सिंह ने इस संबंध में गुजरात की गोरक्षक नेहा पटेल को जानकारी दी। 30 अप्रैल को नेहा पटेल ने वडोदरा जीआरपी को सूचना दी कि ट्रेन से गोमांस भेजा जा रहा है।
बड़ी कार्रवाई, आधे घंटे ट्रेन रोकी गई
जब गोल्डन टेम्पल एक्सप्रेस वडोदरा स्टेशन पर रुकी, तो नेहा पटेल पुलिस के साथ पहले से ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद थीं। सात मिनट के स्टॉपेज में बोगी नहीं खुल पाई, इसलिए ट्रेन को करीब आधे घंटे रोका गया। काफी प्रयास के बाद लगेज बोगी खोली गई, तो उसमें से भारी मात्रा में गोमांस बरामद हुआ।
लैब रिपोर्ट से हुई गोमांस की पुष्टि, एफआईआर दर्ज
बरामद मांस को जब्त कर जांच के लिए भेजा गया था। शनिवार को आई लैब रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि मांस गोमांस ही है। वडोदरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पार्सल भेजने वाले विजय सिंह और प्राप्तकर्ता जफर शब्बीर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पश्चिमी रेलवे वडोदरा की पुलिस अधीक्षक सरोज कुमारी ने बताया कि आगे की जांच जारी है और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तथा अन्य एजेंसियों की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
