Breaking NewsRajasthan

सिरोही में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, 4 साल का मासूम भी शामिल

राजस्थान के सिरोही जिले में गुरुवार तड़के दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा नेशनल हाईवे-27 पर आबूरोड के किवरली क्षेत्र में हुआ, जब तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे ट्रॉले से टकरा गई।

अहमदाबाद से जालोर लौट रहा था परिवार

हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग गुजरात के अहमदाबाद से जालोर लौट रहे थे। कार में सवार सात लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन को अस्पताल ले जाया गया, जहां दो और लोगों ने दम तोड़ दिया।

क्रेन से निकाले शव, पुलिस ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। पुलिस ने क्रेन और गैस कटर की मदद से शवों और घायलों को बाहर निकाला। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।

मरने वालों में पति-पत्नी और मासूम बेटा भी शामिल

हादसे में नारायण प्रजापत (58), उनकी पत्नी पोशी देवी (55), बेटा दुष्यंत (24), कार चालक कालूराम (40), यशराम (4) और जयदीप पुत्र पुखराज प्रजापत की मौत हो गई। जबकि, पुखराज की पत्नी दरिया देवी (35) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज सिरोही अस्पताल में जारी है।

जालोर जिले में शोक की लहर

इस हादसे से पूरे जालोर जिले में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ट्रॉला चालक से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button