राजेंद्र गव्हाणे को व्यसनमुक्ति सेवा पुरस्कार से सम्मानित राज्य सरकार ने किया गौरव, समाजसेवा के कार्यों की सराहना

कन्नड़/अशरफ़ अली
व्यसनमुक्ति और समाज जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक कार्यकर्ता राजेंद्र गव्हाणे को राज्य सरकार द्वारा प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी राज्यस्तरीय व्यसनमुक्ति सेवा पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान समारोह यशवंतराव चव्हाण सेंटर, मुंबई में 26 मार्च को आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले, सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाठ, प्रधान सचिव हर्षदीप कांबळे, समाजकल्याण आयुक्त दीपा मुधोळ-मुंढे, उपायुक्त पी. बी. वाबळे, माजी गृह राज्यमंत्री सिद्धराम म्हेत्रे तथा विधायक डॉ. तुषार राठोड सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद राजेंद्र गव्हाणे ने कहा कि यह पुरस्कार पिछले 20 वर्षों के कार्यों की पहचान है और इससे उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपनी पत्नी संगीता तथा बच्चों मोहित और हर्षदा को देते हुए यह पुरस्कार अपने माता-पिता को समर्पित किया।
व्यसनमुक्ति के लिए सतत प्रयास
राजेंद्र गव्हाणे पिछले दो दशकों से शिक्षा क्षेत्र में सक्रिय हैं और सामाजिक क्षेत्र में भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए कई जागरूकता अभियान चलाए हैं और अनेक लोगों को व्यसनमुक्ति की दिशा दिखाई है। इसके साथ ही उन्होंने गरीब विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता और शैक्षणिक सामग्री भी उपलब्ध कराई है।
उनके इस राज्यस्तरीय सम्मान के बाद कन्नड़ क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक क्षेत्रों में उनके कार्यों की व्यापक सराहना की जा रही है।
