मिल्लत नगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन तलवारों के साथ 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार

जालना/कादरी हुसैन
जालना के मिल्लत नगर इलाके में तलवार लेकर घूम रहे एक युवक को कदीम जालना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तलवार बरामद की, जबकि उसके घर की तलाशी के दौरान दो और तलवारें जब्त कीं। पुलिस ने कुल 19 हजार 500 रुपये कीमत का हथियारों का जखीरा बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को दोपहर में कदीम जालना पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक जनार्दन शेवाले को गुप्त सूचना मिली थी कि मिल्लत नगर क्षेत्र में एक युवक तलवार लेकर घूम रहा है और किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछाया और संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया। पंचों की मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार तलवार मिली। इसके बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से दो अन्य तलवारें बरामद की गईं।
गिरफ्तार युवक की पहचान आफताब अफसर मण्यार (20), निवासी मिल्लत नगर, पुराना जालना के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों तलवारों की कीमत 6,500 रुपये प्रति तलवार के हिसाब से कुल 19,500 रुपये आंकी है। आरोपी के खिलाफ कदीम जालना पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 679/2026 के तहत शस्त्र अधिनियम की धारा 4/25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस हेड कांस्टेबल सदा राठोड कर रहे हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी और उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में तथा कदीम जालना पुलिस निरीक्षक जे.बी. शेवाले के नेतृत्व में की गई।
इस अभियान में पुलिस हेड कांस्टेबल सदा राठोड, सचिन चौधरी, धनाजी कावळे, पुलिस कांस्टेबल मतीन शेख, इमरान खान, नंदकिशोर टेकाळे, कृष्णा चव्हाण, अजीम अंसारी, महिला पुलिस कांस्टेबल शिवकन्या बोराडे और अशोक खरात ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
