राजस्थान में भीषण सड़क हादसा: महाराष्ट्र के धुले के एक ही परिवार के 9 श्रद्धालुओं की मौत, 8 गंभीर घायल

राजस्थान/महाराष्ट्र • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
राजस्थान के कोटा में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि वैन में सवार 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के धुले जिले के तीन परिवार अलग-अलग वाहनों से राजस्थान स्थित खाटू श्यामजी के दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद वापस लौटते समय रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि करीब 2 बजे नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि क्रूजर वैन सड़क पर खड़े ट्रक से जोरदार टकरा गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि एक ही परिवार के 16 लोग दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस भीषण दुर्घटना से महाराष्ट्र के धुले जिले में शोक की लहर फैल गई है। एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
