“भाजपा के नेताओं को अपने घर और परिवार से दूर रखिए, ये आपके भले के लिए है” – नेहा सिंह राठौर
भाजपा नेता मनोहर धाकड़ का कथित MMS वायरल, नेहा सिंह राठौर के पोस्ट पर मचा सियासी घमासान

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता मनोहर धाकड़ का एक कथित MMS सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनता में हलचल मच गई है। विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है, वहीं पार्टी के अंदर भी असहजता का माहौल बन गया है।
इसी मुद्दे को लेकर चर्चित लोकगायिका और सोशल मीडिया एक्टिविस्ट नेहा सिंह राठौर ने भी सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कई तीखे पोस्ट किए। उन्होंने एक दिन पहले बरेली में एक महिला नेता द्वारा होटल में सेक्स रैकेट चलाए जाने की खबर साझा करते हुए लिखा, “भाजपा के नेताओं को अपने घर और परिवार से दूर रखिए। मैं ये आपके भले के लिए कह रही हूं। समझ रहे हैं न! बाहर मिलिए और चलता कीजिए। घर दिखाइए भी मत।”
नेहा के इस पोस्ट पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। एक यूजर, जो खुद को भाजपा समर्थक बताता है, ने टिप्पणी की: “नेहा सिंह राठौर नामक इस घातक महिला से दूर रहिए। यह महिला विषाक्त मानसिकता की शिकार है और सिर्फ भारतीय जनता पार्टी को ही टारगेट करती है। किसी ने गलती की है तो उसे सजा जरूर मिलनी चाहिए, लेकिन इसका फैसला नेहा नहीं करेगी।”
नेहा सिंह राठौर इससे पहले भी अपने विवादास्पद पोस्ट के लिए चर्चा में रही हैं। हाल ही में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “लहू में सिंदूर बहने” वाले बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा था, “पहले शरीर में खून और खून में पैसा था… आजकल सिंदूर है।” उन्होंने आगे जोड़ा, “बिहार चुनाव बिहार के मुद्दों पर होना चाहिए।”
नेहा के इन बयानों के चलते सोशल मीडिया पर उन्हें समर्थन भी मिल रहा है और भारी ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ रहा है। वहीं, मनोहर धाकड़ के MMS मामले में भाजपा की ओर से अब तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन स्तर पर भी जांच की मांग उठ रही है।
