जालना में खौफनाक वारदात: पसलियों में धंसा चाकू लेकर दौड़ा युवक, नाबालिग हमलावर गिरफ्तार!

जालना | कादरी हुसैन
जालना शहर एक बार फिर दहशत के साए में आ गया है। कडबी मंडी क्षेत्र में हुई दिल दहला देने वाली वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार (16 मार्च) की देर रात एक युवक पर नाबालिग हमलावर ने इतना खतरनाक चाकू हमला किया कि चाकू सीधे उसकी पसलियों में जा धंसा।
घायल युवक की पहचान करण राजपूत के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, एक विधि संघर्षग्रस्त बालक ने अचानक उस पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वार इतना घातक था कि चाकू शरीर में ही फंसा रह गया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि करण ने हिम्मत नहीं हारी और उसी हालत में अपनी जान बचाने के लिए खुद दौड़कर अस्पताल पहुंचा।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए उसे जिला सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। डॉक्टरों ने तत्काल सर्जरी कर उसकी पसलियों में फंसा चाकू बाहर निकाला। फिलहाल करण की हालत स्थिर बताई जा रही है।
इधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। सदर बाजार पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
इस सनसनीखेज हमले ने शहरवासियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। नाबालिगों द्वारा इस तरह की हिंसक घटनाओं में शामिल होना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
शहर में बढ़ते अपराधों पर सवाल
लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से जालना के नागरिकों में आक्रोश और डर दोनों साफ नजर आ रहे हैं। अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रशासन क्या ठोस कदम उठाएगा?
