जालना शहर में रेडे की टक्कर को लेकर हुए विवाद से हत्या; कदीम जालना पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर में दिनांक 22/03/2026 को शाम करीब 7:30 बजे फिर्यादी प्रेम अशोक लाड (निवासी गवली मोहल्ला, पुराना जालना), उनके भाई रविंद्र लाड और भांजे नरेश अवघड का आरोपी सोमनाथ अशोक लाड के साथ रेडे की टक्कर को लेकर मामूली विवाद हुआ था।
इसके बाद आरोपियों ने फिर्यादी, उनके भाई और अन्य रिश्तेदारों को मोतीबाग ईदगाह, पुराना जालना में समझौते के बहाने बुलाया। वहां आरोपियों ने तलवार, चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में फिर्यादी और उनके भाई रवि लाड गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल, जालना में भर्ती कराया गया। रवि लाड के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें आगे के इलाज के लिए छत्रपति संभाजीनगर भेजा गया था। उपचार के दौरान आज सुबह उनकी मृत्यु हो गई।
इस मामले में फिर्यादी की शिकायत पर कदीम जालना पुलिस थाना में अपराध क्रमांक 126/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। बाद में मृत्यु होने के कारण धारा 103(1) भी जोड़ी गई है।
आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा तीन टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने आज सुबह करीब 9:30 बजे काजळा गांव के पास से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं: 1)संतोष श्रीचंद लाड,
2)सुरज दादाराव सतकर (दोनों निवासी इंदिरानगर, गवली मोहल्ला), 3)सोमनाथ अशोक लाड (निवासी संजयनगर)आरोपियों के खिलाफ आगे की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार बंसल, अपर पुलिस अधीक्षक श्री आयुष नोपानी, उपविभागीय पुलिस अधिकारी श्री अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में कदीम जालना पुलिस थाना के पुलिस निरीक्षक श्री जे.बी. शेवाले तथा उनकी टीम द्वारा की गई।