सोनम वांगचुक पर आमिर खान ने तोड़ी चुप्पी, बोले— ‘3 इडियट्स’ का रैंचो उनके जीवन पर आधारित नहीं था

नई दिल्ली | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले 20 दिनों से छात्रों के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर आमरण अनशन पर बैठे हैं। उनके आंदोलन को आम लोगों के साथ-साथ बॉलीवुड के कई कलाकारों का भी समर्थन मिल रहा है।
हाल ही में फिल्म 3 इडियट्स में ‘चतुर’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने एक वीडियो साझा करते हुए सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने फिल्म के किरदार ‘फुंसुख वांगडू’ का उल्लेख करते हुए कहा था कि वह उसे मरते हुए नहीं देखना चाहते। इसके बाद अभिनेता आमिर खान ने पहली बार इस विषय पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट के एक कार्यक्रम में जब आमिर खान से सोनम वांगचुक और उनके अनशन के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि 3 इडियट्स का किरदार ‘फुंसुख वांगडू’ सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं था। आमिर ने कहा कि फिल्म बनाते समय उन्हें, निर्देशक राजकुमार हिरानी और लेखक अभिजात जोशी को सोनम वांगचुक के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
आमिर खान ने कहा, “यह एक गलतफहमी है। मैंने हाल ही में ओमी वैद्य का वीडियो देखा, लेकिन वह इस मामले में गलत हैं। हो सकता है उन्हें ऐसा लगा हो, लेकिन यह सच नहीं है। स्वयं सोनम वांगचुक भी पहले स्पष्ट कर चुके हैं कि फिल्म का यह किरदार उन पर आधारित नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि सोनम वांगचुक समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं और उनके कार्यों का सम्मान करने के लिए यह आवश्यक नहीं कि 3 इडियट्स का कोई पात्र उन्हीं पर आधारित हो। उन्होंने कहा कि वह केवल वास्तविक स्थिति स्पष्ट करना चाहते हैं।
सोनम वांगचुक के अनशन पर चिंता व्यक्त करते हुए आमिर खान ने उनसे अपना अनशन समाप्त करने की अपील भी की। उन्होंने कहा, “हम सभी को उनके स्वास्थ्य और जीवन की चिंता है। हमें उम्मीद है कि इस मुद्दे का जल्द कोई सकारात्मक समाधान निकलेगा। मैं चाहता हूं कि वे अपना अनशन समाप्त करें और अपनी सेहत का ध्यान रखें।”
गौरतलब है कि सोनम वांगचुक के आंदोलन के समर्थन में आमिर खान, ओमी वैद्य, अतुल कुलकर्णी, शबाना आज़मी, स्वानंद किरकिरे, इमरान खान, अदिति राव हैदरी, सोनाक्षी सिन्हा, आयुष शर्मा और फातिमा सना शेख सहित कई बॉलीवुड कलाकार सरकार से उनसे बातचीत करने की अपील कर चुके हैं।
