नांदेड़ में दिल दहला देने वाली घटना: शिक्षक ने कार समेत नदी में कूदकर की आत्महत्या, बचाव अभियान जारी

नांदेड़ | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक शिक्षक ने अपनी कार सीधे नदी में उतारकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। यह घटना नांदेड़-मुखेड मार्ग स्थित आमदुरा पुल पर हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शिक्षक अपनी कार लेकर आमदुरा पुल पर पहुंचे। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उन्होंने तेज रफ्तार कार को पुल की रेलिंग से टकरा दिया, जिसके बाद कार सीधे नदी में जा गिरी। घटना को देखते ही स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या पुल और नदी किनारे जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।
घटना के बाद नदी में गिरी कार और शिक्षक की तलाश के लिए युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। एसडीआरएफ (SDRF) और बचाव दल के जवान नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन कर रहे हैं। पुल और नदी के दोनों किनारों पर लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शिक्षक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। पुलिस उनकी पहचान सुनिश्चित करने और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। आत्महत्या के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे नांदेड़ जिले में शोक और संवेदना का माहौल है।
