जालना में खूनी संघर्ष: बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, 18 वर्षीय युवक की हत्या, दो महिलाएं घायल

जालना | कादरी हुसैन
जालना शहर के वाल्मीक नगर क्षेत्र में रविवार को बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। तलवारों, लोहे की रॉड और अन्य धारदार हथियारों से हुए हमले में 18 वर्षीय अहमद रियाज़ सैयद की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बच्चों के बीच हुए झगड़े के बाद दो गुटों में कहासुनी शुरू हुई। आरोप है कि एक पक्ष ने पुराने जालना क्षेत्र से कुछ लोगों को बुलाया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और तलवारों, लोहे की रॉड तथा धारदार हथियारों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान अहमद रियाज़ सैयद के पेट में चाकू के दो वार किए गए। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हिंसक घटना में दो महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। वाल्मीक नगर क्षेत्र और जिला सामान्य अस्पताल में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
हाल के दिनों में जालना में मारपीट, जानलेवा हमलों और हत्या जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी को लेकर नागरिकों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। हालांकि, इस घटना की वास्तविक परिस्थितियां पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।