Breaking NewsJalnaMaharashtra

SIR-2026 अभियान के नाम पर साइबर ठगी का खतरा; चुनाव आयोग ने जारी की चेतावनी

जालना | कादरी हुसैन

महाराष्ट्र में चल रहे विशेष सघन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 अभियान के दौरान मतदाताओं को साइबर ठगी और फर्जी मोबाइल संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय ने 17 जुलाई 2026 को जारी एक पत्र के माध्यम से राज्य के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, विभागीय आयुक्तों और महानगरपालिका आयुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

निर्देशों में बताया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग के 14 मई 2026 के निर्देशानुसार राज्य में SIR-2026 अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान असामाजिक तत्व चुनाव आयोग के नाम का दुरुपयोग कर मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए फर्जी एसएमएस, नकली वेबसाइट लिंक और धोखाधड़ी वाले मोबाइल संदेश भेज सकते हैं। ऐसे में नागरिकों से किसी भी अज्ञात या संदिग्ध संदेश पर विश्वास न करने तथा अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने की अपील की गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी आधिकारिक वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, एसएमएस सेवा तथा अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर मतदाताओं को साइबर ठगी के प्रति जागरूक करें।

मतदाताओं से कहा गया है कि वे चुनाव संबंधी किसी भी संदिग्ध संदेश के झांसे में न आएं और किसी भी व्यक्ति के साथ अपना बैंक खाता विवरण, ओटीपी, आधार संबंधी जानकारी या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। साथ ही, चुनाव आयोग के नाम पर किसी भी प्रकार का आर्थिक लेन-देन करने से भी बचें।

निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि भारत निर्वाचन आयोग अपनी किसी भी सेवा के लिए कोई शुल्क नहीं लेता। यदि कोई व्यक्ति चुनाव आयोग के नाम पर पंजीकरण, सत्यापन या किसी अन्य प्रक्रिया के लिए धनराशि की मांग करता है, तो उसे तुरंत नजरअंदाज करें और इसकी सूचना संबंधित निर्वाचन अधिकारियों या पुलिस को दें।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मतदाताओं से आग्रह किया है कि वे केवल भारत निर्वाचन आयोग (ECI), मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की आधिकारिक वेबसाइट, आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा BLO, AERO और ERO द्वारा जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। विभाग ने कहा है कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button