AurangabadBreaking NewsCrime News

औरंगाबाद में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत ससुराल के चार लोगों पर मामला दर्ज

औरंगाबाद | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

शहर के बजाजनगर क्षेत्र में 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि ससुराल वालों की लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का नतीजा है। घटना के बाद पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान कोमल योगेश मोरे (30) के रूप में हुई है। उनका विवाह वर्ष 2016 में कंप्यूटर इंजीनियर योगेश मोरे से हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।

बताया गया कि तड़के करीब 5:30 बजे कोमल के ससुर रेवनाथ मोरे ने उनके पिता को फोन कर बताया कि कोमल बेहोश है और उठ नहीं रही। सूचना मिलते ही कोमल के पिता और भाई डॉ. कृष्णा पवार बजाजनगर स्थित घर पहुंचे। मुख्य दरवाजा बंद होने के कारण वे पीछे के दरवाजे से अंदर गए, जहां कोमल अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिली।

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि कोमल के शरीर पर प्रताड़ना के निशान थे और उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। इस दर्दनाक घटना में कोमल के दो मासूम बच्चे—एक 8 वर्ष का और दूसरा ढाई वर्ष का—हमेशा के लिए अपनी मां के साए से वंचित हो गए।

डॉ. कृष्णा राजधर पवार की शिकायत के आधार पर वाळूज पुलिस ने पति योगेश मोरे, देवर सचिन मोरे, ससुर रेवनाथ दौलत मोरे और सास कांता मोरे के खिलाफ पारिवारिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button