अमरावती में दो दोस्तों की निर्मम हत्या, सरपंच समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

अमरावती | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
जिले के वलगांव में आधी रात दो युवकों की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम सरपंच समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह दोहरा हत्याकांड कबूतर चोरी को लेकर पुराने विवाद के चलते अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 25 वर्षीय ऋतिक पंडित और 24 वर्षीय संजोग जोशी के रूप में हुई है। दोनों आधी रात वलगांव बस स्टैंड परिसर में मौजूद थे, तभी पांच हमलावरों ने धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में खुलासा हुआ कि दोनों पक्षों के बीच कबूतर चोरी को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में ग्राम सरपंच सुधीर उगले सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि हत्या में शामिल अधिकांश आरोपी 25 वर्ष के आयु वर्ग के हैं। वलगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
