Breaking NewsMaharashtra

काम पर निकले 28 वर्षीय युवक का हाईवे किनारे संदिग्ध हालात में शव मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

जलगांव | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

महाराष्ट्र के जलगांव शहर में गुरुवार सुबह एक 28 वर्षीय युवक का हाईवे किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष व गहन जांच की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलगांव शहर के तांबापुरा क्षेत्र निवासी श्याम सुभाष तांबेश्वर (28) पेशे से निर्माण कार्य (मिस्त्री) का काम करते थे। गुरुवार सुबह वह रोज की तरह घर से काम पर जाने के लिए निकले थे। लेकिन कुछ ही समय बाद इच्छादेवी चौफुली से समृद्धि चौक के बीच हाईवे किनारे उनका शव संदिग्ध अवस्था में मिला।

राहगीरों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही श्याम तांबेश्वर के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का कहना है कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों का पता लगाने की मांग की है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि श्याम तांबेश्वर की मौत दुर्घटना, हत्या या किसी अन्य कारण से हुई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button