चार साल से अलग रह रही पत्नी ने होटल में बुलाया, पति की बेरहमी से हत्या; पत्नी और मामा पर हत्या का शक

औरंगाबाद | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
औरंगाबाद जिले के रांजणगांव पोल क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार वर्षों से अलग रह रही पत्नी ने पति को बातचीत और मुलाकात के बहाने होटल में बुलाया, जहां उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस को इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके मामा पर हत्या का संदेह है तथा दोनों की तलाश तेज कर दी गई है।
मृतक की पहचान जाबिर रफीक शेख (36), निवासी लोणी बुद्रुक, तहसील श्रीरामपुर, जिला अहमदनगर के रूप में हुई है। उनकी शादी करीब 15 वर्ष पहले शब्बो उर्फ शबाना जाबिर शेख, निवासी पडेगांव, औरंगाबाद से हुई थी। शुरुआती वर्षों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन पारिवारिक विवादों के चलते दोनों पिछले चार वर्षों से अलग रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, शबाना ने जाबिर को बातचीत के लिए रांजणगांव पोल स्थित ‘वेलकम होटल’ में बुलाया। जाबिर 20 जुलाई की सुबह अपने घर से निकले और होटल पहुंचे। दोनों होटल के एक कमरे में गए। कुछ देर बाद शबाना का मामा कलीम महमूद पठान, निवासी सोनेसांगवी, तहसील शेवगांव, जिला अहमदनगर भी वहां पहुंचा।
आरोप है कि इसके बाद शबाना और उसका मामा होटल से निकल गए। इसी दौरान 20 जुलाई सुबह लगभग 10:15 बजे से 21 जुलाई तड़के करीब 4 बजे के बीच होटल के कमरे में जाबिर पर जानलेवा हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे की असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
जाबिर के अचानक लापता होने और संपर्क न होने पर उनके चाचा सज्जाक तय्यब शेख (60), निवासी लोणी खुर्द, तहसील राहाता, जिला अहमदनगर ने सबसे पहले नेवासा पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पता चला कि घटना शिल्लेगांव पुलिस थाना क्षेत्र में हुई है।
फिलहाल शिल्लेगांव पुलिस की टीम दोनों संदिग्धों की तलाश में जुटी है। होटल के सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों के मोबाइल लोकेशन के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।