आषाढ़ी एकादशी पर ता.येनोरा जिला परिषद विद्यालय में प्रतिरूप दिंडी एवं पालखी यात्रा का भव्य आयोजन

जालना | कादरी हुसैन
आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर जालना तहसील के येनोरा स्थित जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की सहभागिता से प्रतिरूप दिंडी एवं पालखी यात्रा का भक्तिमय आयोजन किया गया। पूरे गांव में विठ्ठल-रुक्मिणी के जयघोष और भक्ति गीतों से वातावरण श्रद्धामय हो गया।
महाराष्ट्र की समृद्ध वारकरी परंपरा से विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने पारंपरिक वारकरी वेशभूषा धारण कर टाल-मृदंग की धुन पर विठ्ठल नाम का संकीर्तन किया। छात्राओं के आकर्षक लेझीम प्रदर्शन और पारंपरिक रिंगण ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। गांव में निकाली गई प्रतिरूप दिंडी का ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

कार्यक्रम के आयोजन में गांव के बप्पा भुतेकर, बालू कोकाटे तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भगवान कदम, उपाध्यक्ष गजानन कदम एवं सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और दिंडी में सहभागी बनकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम की सफलता के लिए विद्यालय की मुख्याध्यापिका श्रीमती चिखलीकर तथा शिक्षिकाएं श्रीमती जे. ए. बिडकर, श्रीमती एस. बी. वाघमारे और श्रीमती आर. एच. नीलवंत ने विशेष परिश्रम किए।

इस अवसर पर विद्यार्थियों में वारकरी परंपरा, भारतीय संस्कृति, भक्ति और सामाजिक समरसता के संस्कार विकसित करने का संदेश दिया गया। उपस्थित ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने विद्यालय के इस अभिनव एवं प्रेरणादायी आयोजन की मुक्त कंठ से सराहना की।