जालना में दो दिवसीय सेल्फ डिफेंस कार्यशाला संपन्न, छात्राओं को आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा का दिया प्रशिक्षण

जालना | कादरी हुसैन
सेंट मेरीज हाईस्कूल, जालना तथा राष्ट्रीय हिंदी विद्यालय (इंग्लिश मीडियम), जालना में जालना जिला पुलिस के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय सेल्फ डिफेंस कार्यशाला का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं में आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा साइबर अपराधों और महिला सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराना था।

कार्यशाला के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा, पॉक्सो (POCSO) कानून, भारतीय न्याय संहिता, डायल-112, राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, महिलाओं के कानूनी अधिकार तथा डिजिटल दुनिया में सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में व्यवहार करने संबंधी विस्तृत मार्गदर्शन दिया। संवादात्मक शैली में आयोजित इस सत्र से विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना को बल मिला।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों में सुरक्षा और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए किए गए सराहनीय प्रयासों हेतु पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी सहित कार्यक्रम से जुड़े सभी अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में सहायक पुलिस निरीक्षक स्नेहा करेवाड़ (सायबर पुलिस स्टेशन, जालना), संजय सोनवणे (सेल्फ डिफेंस समन्वयक, जालना पुलिस), सिंधू खर्जुले (दामिनी पथक), श्रद्धा गायकवाड़ (जनजागृति पथक प्रमुख), गौतम बोबडे, दत्ता पवार (सेल्फ डिफेंस ट्रेनर) एवं उनकी टीम उपस्थित रही। साथ ही राष्ट्रीय हिंदी विद्यालय की मुख्याध्यापिका रीता टंडन, सेंट मेरीज हाईस्कूल की प्राचार्या, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए।