औरंगाबाद में 11 वर्षीय छात्र की बेरहमी से पिटाई, सबक याद न होने पर शिक्षक ने लात-घूंसों और पट्टी से पीटा

औरंगाबाद | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
औरंगाबाद के चेलीपुरा इलाके में स्थित ‘मदरसा तालीमील कुराण पीरसुभान मस्जिद’ के अंतर्गत संचालित ‘ताज उल उलूम’ स्कूल में 11 वर्षीय छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि पढ़ाया गया सबक याद न होने की मामूली बात पर शिक्षक ने छात्र को लात-घूंसों से पीटा और प्लास्टिक की फाइबर पट्टी से उसकी छाती, पसलियों और पीठ पर कई वार किए। यह घटना 12 जुलाई की बताई जा रही है।
इस अमानवीय मारपीट से बच्चे के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पड़ गए। मामले में आरोपी शिक्षक फेरोज मौलाना के खिलाफ सिटी चौक पुलिस थाने में किशोर न्याय अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पीड़ित छात्र की 32 वर्षीय मां, जो रोशनगेट क्षेत्र की रहने वाली हैं, ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि उनका 11 वर्षीय बेटा चेलीपुरा स्थित मदरसे के उर्दू माध्यम में तीसरी कक्षा का छात्र है। 12 जुलाई की सुबह वह बेटे को पढ़ाई के लिए मदरसे छोड़कर आई थीं।
रात करीब साढ़े नौ बजे जब वह बेटे को लेने मदरसे पहुंचीं तो उन्हें देखते ही बच्चा बुरी तरह घबरा गया और फूट-फूटकर रोने लगा। मां ने जब उसे शांत कर पूरी बात पूछी तो उसने रोते हुए बताया कि शिक्षक ने उसे बेरहमी से पीटा है।
पीड़ित की मां का आरोप है कि इससे पहले भी उनके बेटे के साथ तीन बार मारपीट की जा चुकी है। उन्होंने मदरसे के जिम्मेदार लोगों से शिकायत कर बच्चे को न मारने की अपील भी की थी, लेकिन इसके बावजूद दोबारा उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मदरसे में अन्य बच्चों के साथ भी मारपीट की जाती है।
फिलहाल सिटी चौक पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।