AurangabadBreaking News

औरंगाबाद–पैठण हाईवे पर धंसी नई सीमेंट सड़क, बड़ा हादसा टला; जलापूर्ति पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त

औरंगाबाद | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

औरंगाबाद–पैठण राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिडकीन गांव के समीप साईं बाबा मंदिर के सामने स्थित पुल के पास शुक्रवार (25 जुलाई) तड़के अचानक सीमेंट-कंक्रीट की सड़क धंस गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लेकिन सड़क का बड़ा हिस्सा धंस जाने से यातायात और लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है।

बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इसी स्थान पर कुछ महीने पहले ही सीमेंट-कंक्रीट सड़क का निर्माण पूरा किया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे जलापूर्ति पाइपलाइन के लिए बटरफ्लाई वाल्व लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान सड़क को सहारा देने वाली मुरुम (भराव सामग्री) खिसक गई, जिससे सड़क का हिस्सा धंस गया।

घटना के बाद मौके पर बड़ा गड्ढा बन गया है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया गया है। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थिति का निरीक्षण शुरू कर दिया। स्थानीय नागरिकों ने सड़क की तकनीकी जांच कराकर जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।

इस हादसे में बिडकीन ग्राम पंचायत कार्यालय को पानी की आपूर्ति करने वाली मुख्य पाइपलाइन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित होने की आशंका है। नागरिकों ने पाइपलाइन की मरम्मत भी युद्धस्तर पर कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button