जालना वाल्मीक नगर हत्याकांड: 18 वर्षीय युवक की हत्या मामले में 7 आरोपी हिरासत में, मुख्य आरोपी अब भी फरार

जालना | कादरी हुसैन
जालना शहर के वाल्मीक नगर क्षेत्र में बच्चों के मामूली विवाद से शुरू हुआ झगड़ा खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें 18 वर्षीय अहमद रियाज सैयद की मौत हो गई। इस बहुचर्चित हत्याकांड की जांच में तेजी लाते हुए पुलिस ने सात आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अजीम खान मोहम्मद खान अब भी फरार है।
यह घटना 19 जुलाई की दोपहर हुई थी। पुलिस के अनुसार, बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान लोहे की रॉड, तलवार और अन्य धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। हमले में अहमद रियाज सैयद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मामले में अपराध क्रमांक 586/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 103(1), 333, 118(1), 189(2), 191(2), 191(3) और 190 के अंतर्गत कुल आठ आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इनमें तीन विधि संघर्षग्रस्त बालक भी शामिल हैं।
पुलिस ने अलीम उर्फ बाबा खान मोहम्मद खान, सैयद सिद्दीक सैयद अय्यूब, फरदीन खान अजीम खान, तनवीर अलीम उर्फ बाबा खान तथा तीन विधि संघर्षग्रस्त बालकों को हिरासत में लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी अजीम खान मोहम्मद खान की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
इस घटना के बाद वाल्मीक नगर सहित पूरे जालना शहर में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का भी खुलासा होने की संभावना है। वहीं, नागरिकों ने सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
