AurangabadBreaking News

औरंगाबाद में FDA की बड़ी कार्रवाई: गंदगी में बन रहे थे बेकरी उत्पाद, लाइसेंस तत्काल निलंबित

औरंगाबाद | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले और बेहद अस्वच्छ वातावरण में खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। राज्यव्यापी विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत औरंगाबाद महानगरपालिका के जोन-3 स्थित पुराने बायजीपुरा, इंदिरानगर की ‘येस फाइन बेकरी’ पर FDA की टीम ने अचानक छापा मारा। जांच में गंभीर गंदगी, खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन और ग्राहकों को गुमराह करने के मामले सामने आने पर बेकरी का खाद्य सुरक्षा लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि जिस स्थान पर टोस्ट तैयार किए जा रहे थे, वहां चारों ओर जंग, धूल और गंदगी फैली हुई थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि खाद्य उत्पादन क्षेत्र के भीतर ही बिना दरवाजे वाला अत्यंत गंदा शौचालय मौजूद था। कर्मचारियों के हाथ धोने के लिए न वॉश बेसिन था और न ही साबुन की व्यवस्था। निरीक्षण के दौरान कुछ कर्मचारी खाद्य सामग्री तैयार करते समय तंबाकू का सेवन करते भी पाए गए।

FDA के अनुसार, बेकरी की खिड़कियों पर जालियां नहीं लगी थीं, जिससे मक्खियां, कीड़े और धूल सीधे खाद्य पदार्थों तक पहुंच रहे थे। उत्पादन के बाद बचा हुआ कचरा और खराब सामग्री भी खुले में पड़ी मिली, जिससे खाद्य पदार्थों में संक्रमण का खतरा बढ़ गया था। बेकरी में उपयोग होने वाली पानी की टंकियां भी अंदर और बाहर से बेहद गंदी थीं तथा उनकी सफाई का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। खाद्य सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली के नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था।

जांच में ग्राहकों को गुमराह करने का मामला भी सामने आया। ‘बिगबाइट 20-20 टोस्टेड ब्रेड’ के पैकेट पर अपनी बेकरी की जगह ‘गार्डन बेकर्स, बायजीपुरा’ का नाम, पता और लाइसेंस नंबर छापकर बिक्री की जा रही थी। इसके अलावा पैकेट पर बैच नंबर और उपयोग की अंतिम तिथि का उल्लेख नहीं था। केवल पैकिंग की तारीख दर्ज की गई थी और चीनी के उपयोग को लेकर भी भ्रामक जानकारी दी गई थी।

FDA ने बताया कि बेकरी बिना किसी तकनीकी सलाहकार के संचालित हो रही थी और किसी आपात स्थिति में उत्पाद वापस मंगाने (रिकॉल) की भी कोई व्यवस्था नहीं थी। सार्वजनिक स्वास्थ्य को गंभीर खतरा मानते हुए विभाग ने बेकरी का खाद्य सुरक्षा लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य बेकरी संचालकों में भी हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button