पुराने आर्थिक विवाद में दो सगे भाइयों ने ममेरे भाई को उतारा मौत के घाट, औरंगाबाद में सनसनी

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
पुराने आर्थिक विवाद को लेकर दो सगे भाइयों ने अपने 32 वर्षीय ममेरे भाई पर लोहे के हथौड़े और लकड़ी के डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। यह सनसनीखेज घटना रविवार सुबह सेंट्रल नाका इलाके के मदनी चौक में हुई। गंभीर रूप से घायल युवक की घाटी अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार शाम मौत हो गई। मामले में जिन्सी पुलिस ने दोनों आरोपी भाइयों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान फेरेस बिन अब्दुल अजीज अलकसेरी (32, निवासी पडेगांव) के रूप में हुई है। फेरेस अपने परिवार के साथ पडेगांव में रहता था। रविवार सुबह काम के सिलसिले में वह अपने दोस्त सय्यद शहजाद अली (30) के साथ सेंट्रल नाका इलाके में नगर निगम की कचरा गाड़ी लेने आया था। मदनी चौक में कचरा गाड़ी के सुपरवाइजर से बातचीत के दौरान उसके रिश्तेदार अहमद खलील बादाम (40) और अदनान खलील बादाम (35, दोनों निवासी बारी कॉलोनी) वहां पहुंचे।
पुराने आर्थिक विवाद को लेकर आरोपियों ने फेरेस के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और हाथापाई होने लगी। इसी दौरान आरोप है कि अहमद बादाम ने लोहे के हथौड़े से फेरेस के सिर और गर्दन पर जानलेवा वार किए। हमले से बचने के लिए फेरेस ने हाथ आगे किया, जिससे उसके हाथ में भी गंभीर चोट आई।
वहीं, दूसरे आरोपी अदनान बादाम ने भी लकड़ी के डंडे से फेरेस पर हमला किया। हमले में फेरेस गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने पहुंचे उसके दोस्त सय्यद शहजाद अली को भी मारपीट में चोटें आईं।
घाटी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद शोएब और शहराब ने गंभीर रूप से घायल फेरेस और शहजाद को वाहन से तत्काल घाटी अस्पताल पहुंचाया। फेरेस का इलाज चल रहा था, लेकिन रविवार शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जिन्सी पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक गणेश ताटे, सहायक पुलिस निरीक्षक मदनसिंग घुनावत, सर्जेराव सानप और पुलिस उपनिरीक्षक सुनील मोरे घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर जांच शुरू की।
कुछ ही घंटों में दोनों आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद फरार होने की तैयारी कर रहे अहमद खलील बादाम और अदनान खलील बादाम को जिन्सी पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। मामले में जिन्सी पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
मृतक फेरेस नगर निगम के कचरा संकलन विभाग के जोन नंबर 2 में चालक के रूप में कार्यरत था। वह शाम के समय व्यावसायिक कचरा संकलन का काम करता था। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोपी अहमद निजी वाहन चालक है, जबकि अदनान जिम में काम करता है। जिन्सी पुलिस थाने में देर रात हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
