Breaking NewsJalna

जालना विधानसभा क्षेत्र में SIR को लेकर BLO व पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 7 सितंबर को

जालना | कादरी हुसैन

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत आगामी प्रक्रिया को लेकर 101-जालना विधानसभा मतदारसंघ के सहायक मतदाता पंजीयन अधिकारियों (AERO), पर्यवेक्षकों और मतदान केंद्रस्तरीय अधिकारियों (BLO) का विशेष प्रशिक्षण 7 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।

मतदाता पंजीयन अधिकारी, जालना विधानसभा मतदारसंघ तथा उपविभागीय अधिकारी, जालना के कार्यालय की ओर से 4 सितंबर को संबंधित मुख्याध्यापकों को निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें उनके अधीन कार्यरत सभी BLO और पर्यवेक्षकों को निर्धारित प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश देने को कहा गया है।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार महाराष्ट्र सहित कुछ राज्यों में SIR 2026 की प्रक्रिया 20 जून 2026 से शुरू की गई थी। इसके तहत 30 जून से BLO द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र (EF) वितरित करने, आवश्यक जानकारी प्राप्त करने और उसका डिजिटलीकरण करने का कार्य किया गया। यह चरण 17 अगस्त 2026 तक पूरा हो चुका है।

इसके बाद मतदान केंद्रों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्था की प्रक्रिया 24 अगस्त को पूरी की गई, जबकि प्रारूप मतदाता सूची 31 अगस्त 2026 को प्रकाशित की जा चुकी है।

अब प्रारूप मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दाखिल करने की प्रक्रिया 31 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक चलेगी। वहीं दावों एवं आपत्तियों के निपटारे और नोटिस चरण की प्रक्रिया 31 अगस्त से 29 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगी। SIR प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

दो सत्रों में होगा प्रशिक्षण

101-जालना विधानसभा मतदारसंघ के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी AERO, पर्यवेक्षकों एवं BLO का प्रशिक्षण 7 सितंबर को महसूल भवन, जिलाधिकारी कार्यालय, जालना में आयोजित किया गया है।

शहरी क्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक होगा, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के AERO, पर्यवेक्षक और BLO का प्रशिक्षण दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने अधीनस्थ सभी BLO एवं पर्यवेक्षकों को निर्धारित समय पर प्रशिक्षण में उपस्थित रहने के लिए सूचित करें। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि प्रशिक्षण में कोई भी संबंधित अधिकारी या कर्मचारी अनुपस्थित न रहे।

यह निर्देश सहायक मतदाता पंजीयन अधिकारी एवं तहसीलदार, जालना की ओर से जारी किए गए हैं। पत्र की प्रतिलिपि उपजिला निर्वाचन अधिकारी, जालना तथा उपविभागीय अधिकारी, जालना को जानकारी के लिए भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button