जालना जिले के सभी 62 राजस्व मंडलों में 10 से 16 सितंबर तक विशेष शिविर; कुणबी, मराठा-कुणबी और कुणबी-मराठा प्रमाणपत्र के लिए प्रशासन की पहल

जालना | कादरी हुसैन
कुणबी, मराठा-कुणबी और कुणबी-मराठा जाति प्रमाणपत्र तथा जाति सत्यापन प्रमाणपत्र प्राप्त करने में नागरिकों को सुविधा देने के लिए जालना जिला प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 10 से 16 सितंबर 2026 तक जिले के सभी 62 राजस्व मंडलों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों के माध्यम से पुरानी राजस्व प्रविष्टियों और संबंधित दस्तावेजों की खोज, नागरिकों से प्राप्त आवेदनों एवं दस्तावेजों की तत्काल जांच तथा पात्र आवेदकों को प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को गति दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य पूरी प्रक्रिया को सरल, तेज और पारदर्शी बनाना है।
जिले में कुणबी, मराठा-कुणबी और कुणबी-मराठा से संबंधित अब तक 5 हजार 27 राजस्व प्रविष्टियां जिलाधिकारी कार्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित की जा चुकी हैं। इनमें से संबंधित प्रविष्टियों की सूचियां 48 ग्राम पंचायत कार्यालयों के सूचना फलक पर भी प्रदर्शित की गई हैं। शेष ग्राम पंचायतों में प्रविष्टियां प्रकाशित करने की प्रक्रिया जारी है। इससे नागरिक अपनी प्रविष्टियों की जानकारी प्राप्त कर प्रमाणपत्र के लिए आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार कर सकेंगे।
जाति प्रमाणपत्र के लिए जिले में अब तक 18 हजार 295 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 18 हजार 276 आवेदन मंजूर किए जा चुके हैं, जबकि दस्तावेजों में त्रुटियों के कारण 19 आवेदन नामंजूर किए गए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार 8 सितंबर 2026 तक संबंधित कार्यालयों में जाति प्रमाणपत्र का एक भी आवेदन लंबित नहीं है।
हैदराबाद गजट के आधार पर प्राप्त आवेदनों पर भी शासन निर्णय के अनुसार कार्रवाई की गई है। 2 सितंबर 2025 के शासन निर्णय के तहत प्राप्त 421 आवेदनों में से 377 आवेदन मंजूर किए गए हैं।
विशेष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित मामलों के तत्काल निपटारे के लिए उपजिलाधिकारी (निर्वाचन शाखा) शिरीष यादव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी तहसीलदारों, उपविभागीय अधिकारियों तथा जाति प्रमाणपत्र सत्यापन समितियों के साथ प्रतिदिन समन्वय कर प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 10 से 16 सितंबर के दौरान अपने संबंधित राजस्व मंडल में आयोजित विशेष शिविर में आवश्यक दस्तावेज और प्रमाणों के साथ उपस्थित होकर आवेदन करें तथा कुणबी, मराठा-कुणबी और कुणबी-मराठा जाति प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं।