Breaking NewsJalna

रात की पेट्रोलिंग में पुलिस का सख्त एक्शन; पुराने जालना में साढ़े दस बजे बाद खुले प्रतिष्ठान बंद कराए, बेवजह घूमने वालों को दी सख्त समझाइश

जालना | कादरी हुसैन

गणेशोत्सव के मद्देनजर जालना शहर में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने रात की पेट्रोलिंग तेज कर दी है। मंगलवार रात पुराने जालना क्षेत्र में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए रात साढ़े दस बजे के बाद खुले मिले दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों को बंद कराया।

संजय नगर, दुखी नगर, मिल्लत नगर, मिलन चौक सहित शहर के विभिन्न इलाकों में रात की गश्त के दौरान कुछ प्रतिष्ठान निर्धारित समय के बाद भी खुले मिले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इन्हें बंद कराया। वहीं, विभिन्न चौक-चौराहों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह समूह बनाकर खड़े लोगों को भी पुलिस ने वहां से हटाया तथा आवश्यक समझाइश दी। कुछ मामलों में पुलिस ने सख्ती बरतते हुए कार्रवाई भी की।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि गणेशोत्सव के दौरान शहर में शांति, कानून-व्यवस्था और आपसी सौहार्द बनाए रखना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से रात के समय विशेष पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाई गई है।

उपविभागीय पुलिस अधिकारी (डीवाईएसपी) अनंत कुलकर्णी ने नागरिकों से अपील की है कि रात साढ़े दस बजे के बाद सभी प्रतिष्ठान स्वयं बंद कर दें। साथ ही चौक-चौराहों, सड़क किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से समूह बनाकर खड़े न रहें।

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से जालना शहर में कानून-व्यवस्था से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में गणेशोत्सव के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। रात की पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस की सख्ती से साफ है कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन किसी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button