औरंगाबाद में अवैध पशु तस्करी पर कार्रवाई, बंद कंटेनर से 29 गोवंश मुक्त; 30.65 लाख रुपये का माल जब्त

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
औरंगाबाद में गोवंश की अवैध तस्करी के खिलाफ अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए वध के उद्देश्य से बंद कंटेनर में क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाए जा रहे 29 गोवंश को मुक्त कराया। यह कार्रवाई शनिवार शाम करीब 5:45 बजे जालना रोड स्थित कैम्ब्रिज चौक पर की गई। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि इस मामले में कुल छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बंद कंटेनर में गोवंश को अवैध रूप से वध के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कैम्ब्रिज चौक पर जाल बिछाकर टाटा कंपनी के एक संदिग्ध बंद कंटेनर को रोका। तलाशी के दौरान कंटेनर में 29 गोवंश बेहद तंग और क्रूरतापूर्ण स्थिति में भरे हुए पाए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि पुलिस और प्रशासन को गुमराह करने के उद्देश्य से कंटेनर की नंबर प्लेट पर दर्ज पंजीकरण संख्या में कथित तौर पर छेड़छाड़ कर उसे फर्जी बनाया गया था।
इस कार्रवाई में चालक सलीम सुलतान शेख (24), व्यापारी शेख जावेद लुकमान (36) और मजदूर शेख समीर शेख शब्बीर को हिरासत में लिया गया है। तीनों सिल्लोड के अब्दुल शहानगर और स्नेहनगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
इसके अलावा आवेश नामक व्यक्ति और दो अन्य लोगों सहित कुल छह आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एमआईडीसी सिडको पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
30 लाख 65 हजार रुपये का माल जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 29 गोवंश, टाटा कंपनी का बंद कंटेनर, एक स्विफ्ट कार और आरोपियों के मोबाइल फोन सहित कुल 30 लाख 65 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार, पुलिस उपायुक्त (अपराध) शशांक सातव और सहायक पुलिस आयुक्त पूनम पाटील के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गजानन कल्याणकर, पुलिस उपनिरीक्षक जगन्नाथ मेनकुडले तथा पुलिसकर्मी अकोले, शिंदे, घोडके, राठौड़, जाधव और गरड की टीम शामिल रही।
