ठाणे: स्कूल में छात्राओं से मासिक धर्म की जांच के नाम पर कपड़े उतरवाए, अभिभावकों में आक्रोश

ठाणे जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है। शाहपुर के आरएस दमानी स्कूल में छात्राओं से मासिक धर्म की जांच के नाम पर कपड़े उतरवाने का आरोप स्कूल प्रशासन पर लगा है। बताया जा रहा है कि बाथरूम में खून के धब्बे मिलने के बाद कक्षा 5वीं से 10वीं तक की कई छात्राओं को एक-एक करके बुलाया गया और उनसे कपड़े उतरवाकर पीरियड की जांच की गई।
इस घटना से छात्राओं में गहरा मानसिक आघात पहुंचा है। छात्राओं ने घर पहुंचकर परिजनों को इस अमानवीय व्यवहार की जानकारी दी, जिसके बाद अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
अंडरवियर उतरवाने का आरोप, पुलिस में शिकायत
NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ अभिभावकों का आरोप है कि छात्राओं को अंडरवियर तक उतारने के लिए मजबूर किया गया। परिजनों का कहना है कि मासिक धर्म जैसी स्वाभाविक प्रक्रिया को लेकर छात्राओं को शर्मिंदा किया गया, जिससे उनका आत्मविश्वास और मानसिक स्थिति प्रभावित हुई है।
एक अभिभावक ने कहा, “प्रिंसिपल को बच्चियों को शिक्षित करना चाहिए था, न कि उनके साथ ऐसा अपमानजनक व्यवहार। यह बेहद घिनौना कृत्य है।”
प्रिंसिपल से पूछताछ जारी, गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर ली है। फिलहाल स्कूल की प्रिंसिपल से पूछताछ की जा रही है। अभिभावकों ने साफ तौर पर मांग की है कि संबंधित प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
यह घटना न सिर्फ स्कूल प्रशासन की असंवेदनशीलता को उजागर करती है, बल्कि यह भी सवाल उठाती है कि बच्चों की गरिमा और मानसिक सुरक्षा को लेकर हमारी शिक्षा व्यवस्था कितनी सतर्क है।
प्रशासन पर उठे सवाल
इस पूरे मामले ने शिक्षा विभाग और बाल संरक्षण आयोग को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी छात्रा के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार दोहराया न जाए।
