Breaking NewsCrime NewsNagpur

नागपुर में हनुमान मंदिर में खून से सनी वारदात, शादी से इनकार करने पर प्रेमी ने प्रेमिका के गले पर किया चाकू से वार

नागपुर जिले के खापरखेड़ा थाना क्षेत्र के गुमथी गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। प्रेम संबंध में चल रहे विवाद ने उस समय भयावह रूप ले लिया, जब एक युवक ने शादी से इंकार करने पर अपनी प्रेमिका पर जानलेवा हमला कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। कुछ दिनों से दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत चल रही थी, लेकिन युवती ने विवाह का प्रस्ताव ठुकरा दिया। इस बात से नाराज आरोपी ने गुस्से में आकर हनुमान मंदिर में ही युवती के गले पर चाकू से कई वार कर दिए।

हमले में गंभीर रूप से घायल युवती को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की एक टीम उसका उपचार कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जमा हो गए।

सूचना मिलते ही खापरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि यह हमला पूर्व नियोजित हो सकता है, क्योंकि आरोपी अपने साथ चाकू लेकर आया था। फिलहाल, पुलिस इस घटना के पीछे के अन्य कारणों की भी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button