खून से सनी विरासत: पिता की जमीन बहन को मिली तो बेटे ने काट डाला पूरा घर, मां–बाप और बहन की नृशंस हत्या

गाजीपुर (उत्तर प्रदेश): जिले के डिलिया गांव में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 35 वर्षीय युवक अभय यादव ने मामूली जमीन विवाद के चलते अपने ही माता-पिता और बहन की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। इस हत्याकांड से गांव में सनसनी फैल गई है।
हत्या की वजह: ज़मीन और नाराज़गी
जानकारी के मुताबिक, अभय का अपने पिता शिवराम यादव (70) से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। एक महीने पहले शिवराम ने अपनी बेटी कुसुम (35) के नाम 15 बिस्वा जमीन कर दी थी, जिससे अभय नाराज़ चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी रंजिश में रविवार सुबह उसने मां जमुनी देवी (65), पिता और बहन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर तीनों की हत्या कर दी।
कुसुम की टूटी ज़िंदगी भी बनी रंजिश की जड़
कुसुम की दो शादियां टूट चुकी थीं और वह अपने मायके में माता-पिता के साथ रह रही थी। भाई अभय को उसकी यह मौजूदगी और पिता द्वारा जमीन देने का फैसला नागवार गुजर रहा था। इसी पारिवारिक तनाव ने इस जघन्य वारदात का रूप ले लिया।
घटना के बाद अफरा-तफरी, हत्यारा फरार
घटना के दौरान घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक अभय मौके से फरार हो चुका था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। एसपी डॉ. ईरज राजा और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद की है।
पोस्टमॉर्टम और जांच जारी
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है और हत्या के पीछे के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।
यह वारदात न सिर्फ एक परिवार के बिखरने की कहानी है, बल्कि घरेलू विवादों के हिंसक अंजाम का भयावह उदाहरण भी है।
