मराठवाड़ा में कांग्रेस को सबसे बड़ा झटका, 46 नेता-पदाधिकारी छोड़ेंगे साथ

उस्मानाबाद/मुंबई: आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्था चुनावों की पृष्ठभूमि पर कांग्रेस को उस्मानाबाद जिले में बड़ा झटका लगने वाला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश सचिव प्रकाश आष्टे तथा पूर्व जिल्हा परिषद अध्यक्ष दिलीप भालेराव अपने समर्थकों सहित भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं।
मुंबई में आयोजित एक विशेष समारोह में ये दोनों नेता आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस अवसर पर भाजपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की उपस्थिति रहेगी।
प्रकाश आष्टे और दिलीप भालेराव के साथ कुल 20 नगरसेवक, 16 जिला परिषद सदस्य, एक बाजार समिति के सभापति, नौ संचालक, और दो जिला मध्यवर्ती बैंक के संचालक भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले हैं। यह सामूहिक प्रवेश लातूर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष बसवराज पाटील के मार्गदर्शन में हो रहा है।
इससे पहले, प्रकाश आष्टे और दिलीप भालेराव ने कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव पद से इस्तीफा दे दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, यह घटनाक्रम लातूर जिले में प्रभाव रखने वाले कांग्रेस नेता अमित देशमुख के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन बड़े नेताओं और जनप्रतिनिधियों के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस की ताकत उस्मानाबाद जिले में काफी हद तक कमजोर हो सकती है। वहीं, भाजपा को लातूर और धाराशिव जिलों में आने वाले चुनावों में इसका बड़ा लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है।
