पुणे: नवले पुल पर भीषण सड़क हादसा, दो की मौत, चार गंभीर रूप से घायल

पुणे का नवले पुल सड़क दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात है, जहां लगातार हादसे होते रहते हैं। शनिवार तड़के एक बार फिर इस पुल के पास भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे युवकों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी।
मिली जानकारी के अनुसार, कार सवार युवक अपने दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में गए थे। पार्टी के बाद सभी छह युवक स्विफ्ट कार से अपने घर लौट रहे थे। जब वे नवले पुल के पास पहुंचे, तो तेज रफ्तार में चल रही उनकी कार एक निजी बस से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसे के समय कार चालक नशे में था या नहीं और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
