सड़क हादसा: रायपुर-बलोदाबाजार मार्ग पर भीषण टक्कर, 13 की मौत, 12 घायल

रायपुर : रायपुर-बलोदाबाजार मार्ग पर सारागांव के पास रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ जब एक माजदा गाड़ी पहले एक ट्रेलर से टकरा गई, जिसके लोहे के स्ट्रक्चर से वाहन को भारी क्षति पहुंची। इसके बाद माजदा गाड़ी एक डंपर से भी भिड़ गई।
इस हादसे में 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रेलर, डंपर और माजदा वाहन के चालकों को हिरासत में ले लिया है। तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अफसर मौके और अस्पताल में मौजूद हैं तथा राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
