औरंगाबाद में 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध सड़क दुर्घटना में मौत, परिजनों ने जताया हत्या का संदेह

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
“मैं दोस्त को छोड़ने जा रहा हूं, आज रात वहीं रुकूंगा” ऐसा कहकर घर से दोपहिया वाहन पर निकले 26 वर्षीय युवक का पुंडलिक नगर इलाके में पेट्रोल पंप के सामने संदिग्ध और भीषण दुर्घटना हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक की घाटी अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार (1 अक्टूबर) शाम करीब 6 बजे मौत हो गई। परिजनों ने इसे महज दुर्घटना न मानते हुए घातपात की आशंका जताई है और पुलिस से मामले की गहन जांच की मांग की है।
मृतक की पहचान जय बजरंग नगर, गारखेड़ा निवासी प्रदीप भगवानराव वाकळे (26) के रूप में हुई है। प्रदीप एक साड़ी सेंटर में काम करता था और परिवार की आर्थिक मदद करता था। उसने 12वीं तक शिक्षा प्राप्त की थी। उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं। परिवार में उसका एक भाई और एक बहन है।
जानकारी के अनुसार, गणपति विसर्जन के बाद रात करीब 9 बजे प्रदीप अपने घर पर ही था। कुछ देर बाद उसने परिवार से कहा कि “मैं दोस्त को छोड़ने जा रहा हूं और आज रात वहीं रुकूंगा।” इसके बाद वह अपनी दोपहिया वाहन क्रमांक MH 20 BM 5742 से घर से निकल गया।
हालांकि, अगले दिन सुबह करीब 8 बजे वह पुंडलिक नगर स्थित ‘नायरा’ पेट्रोल पंप के सामने गंभीर हालत में खून से लथपथ मिला। स्थानीय लोगों और पुलिस ने उसे तत्काल शासकीय घाटी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस से दुर्घटना की जानकारी मिलते ही प्रदीप के माता-पिता और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे।
प्रदीप की गंभीर हालत देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन गुरुवार शाम करीब 6 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घातपात का संदेह, पुंडलिक नगर पुलिस से जांच की मांग
प्रदीप की अचानक मौत से वाकळे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि प्रदीप के साथ घातपात कर उसकी जान ली गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कर घटना की सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
