Breaking NewsCrime NewsVidharbh

अमरावती में महिला कांस्टेबल की गला दबाकर हत्या, पति निकला मास्टरमाइंड – एक माह पहले रचा था साजिश का प्लान

अमरावती — अमरावती शहर में एक महिला पुलिस कांस्टेबल की गला दबाकर हत्या किए जाने से हड़कंप मच गया है। इस हत्या का खुलासा महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने कर दिया, और चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि महिला कांस्टेबल की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके ही पति ने की थी। आरोपी पति राज्य रिजर्व पुलिस बल (SRPF) में कार्यरत है।

हत्या की यह घटना अमरावती के फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र की गुरुकृपा कॉलोनी में शुक्रवार शाम को घटी। मृतक महिला कांस्टेबल की पहचान आशा तायडे-घुले (उम्र 38 वर्ष) के रूप में हुई है। आशा घुले खुद फ्रेजरपुरा पुलिस स्टेशन में तैनात थीं और अपने पति राहुल तायडे के साथ उसी कॉलोनी में रहती थीं।

पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल तायडे ने दो दोस्तों की मदद से पत्नी आशा की गला दबाकर हत्या की। राहुल ने यह साजिश करीब एक महीने पहले ही रच ली थी। उसने चोरी की झूठी कहानी बनाकर वारदात को अंजाम दिया और यह दिखाने की कोशिश की कि किसी ने घर में घुसकर हत्या की है।

मामले की गहराई से जांच करने पर पुलिस को शक हुआ और राहुल से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

प्रेम विवाह और प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

बताया गया कि राहुल और आशा का प्रेम विवाह करीब 13 साल पहले हुआ था। दोनों के दो बच्चे हैं — एक बेटा और एक बेटी। लेकिन बीते कुछ वर्षों से राहुल का एक महिला से प्रेम संबंध चल रहा था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़े होते थे। आशा ने इस संबंध में पहले भी राहुल के खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी।

पत्नी के लगातार विरोध से परेशान होकर राहुल ने ठंडे दिमाग से उसकी हत्या का प्लान बनाया और अपने दो दोस्तों की मदद से वारदात को अंजाम दे डाला।

फ्रेजरपुरा पुलिस ने आरोपी राहुल तायडे को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अमरावती जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 4 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। फिलहाल इस मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button