Breaking NewsCrime NewsMumbai

मुंबई: प्लेटफॉर्म पर सो रही 55 वर्षीय महिला से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

बांद्रा टर्मिनस पर हुई शर्मनाक घटना, सीसीटीवी फुटेज से आरोपी पकड़ा गया

मुंबई: देश की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली मुंबई में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बांद्रा टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर एक 55 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। घटना के कुछ घंटे बाद ही रेलवे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

रात में प्लेटफॉर्म पर ठहरी थी पीड़िता

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला अपने दामाद के साथ मुंबई घूमने आई थी। लेकिन देर रात मुंबई पहुंचने के कारण रुकने की व्यवस्था नहीं हो सकी, इसलिए दोनों ने बांद्रा टर्मिनस के प्लेटफॉर्म नंबर 6-7 पर रुकने का फैसला किया।

शनिवार रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच, जब महिला प्लेटफॉर्म पर सो रही थी, तभी आरोपी ने उसे जबरन पास में खड़ी एक ट्रेन में ले जाकर दुष्कर्म किया।

जब कुछ लोगों ने शोर मचाया, तो महिला का दामाद जाग गया, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा गया आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे पुलिस (GRP) ने जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान हुई, जिसके बाद रविवार सुबह पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस कर रही है जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला को ट्रेन में क्यों ले गया, इसकी भी जांच की जा रही है।
फिलहाल, आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने मुंबई में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
hi Hindi