Breaking NewsPoliticsUttar Pradesh

भगवा झंडे और नारेबाज़ी से गूंजी दरगाह, वीडियो वायरल—सांप्रदायिक तनाव का खतरा?

प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र स्थित सिकंदरा गांव की तीन सौ साल पुरानी गाजी मियां की दरगाह एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई है। नवरात्र की नवमी तिथि पर महाराजा सुहेलदेव सम्मान सुरक्षा मंच के दर्जनों कार्यकर्ता भगवा ध्वज लेकर दरगाह परिसर में पहुंच गए और जय श्रीराम के नारे लगाने लगे। कुछ कार्यकर्ता दरगाह के ऊपर चढ़ गए और भगवा ध्वज फहराने लगे, जिसके चलते इलाके में तनाव फैल गया।

जानकारी के मुताबिक, मानेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने दरगाह के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करते हुए दरगाह को हटाने की मांग की। यह वही दरगाह है, जहां प्रत्येक रविवार और बुधवार को रौजा का मेला लगता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु जुटते हैं। पिछले तीन रविवार से प्रशासन ने इस मेले पर रोक लगा दी थी।

प्रदर्शन और भगवा झंडा फहराने की वीडियो क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जिससे इलाके में धार्मिक तनाव बढ़ गया। मौके पर पहुंचे एसीपी फूलपुर पंकज लवानिया और बहरिया थाना प्रभारी महेश मिश्रा ने स्थिति को काबू में किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

गाजी मियां की यह ऐतिहासिक दरगाह सैयद सालार मसूद गाजी से जुड़ी मानी जाती है। इसका रखरखाव सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड द्वारा नियुक्त अध्यक्ष द्वारा किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button