बलात्कारी राम रहीम को फिर मिली 21 दिन की छुट्टी, सिरसा डेरा पहुंचते ही हनीप्रीत ने किया स्वागत

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर 21 दिन की फरलो पर रिहा कर दिया गया है। हरियाणा सरकार की अनुमति के बाद मंगलवार सुबह पुलिस सुरक्षा के बीच राम रहीम सिरसा डेरा पहुंचा। खास बात यह रही कि उसे लेने खुद हनीप्रीत डेरा पहुंची थी।
राम रहीम की यह रिहाई 29 अप्रैल को डेरा सच्चा सौदा के स्थापना दिवस से पहले हुई है। माना जा रहा है कि इस मौके पर सिरसा में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा सकता है।
यह पिछले चार वर्षों में 13वीं बार है जब राम रहीम को जेल से बाहर आने का मौका मिला है। इससे पहले जनवरी 2024 में 30 दिन की पैरोल और अक्टूबर 2023 में 20 दिन की पैरोल दी गई थी।
राम रहीम वर्तमान में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। उसे 2017 में दो साध्वियों से रेप के मामले में 20 साल, और एक पत्रकार की हत्या में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।
25 अगस्त 2017 को दोषी करार दिए जाने के बाद पंचकूला और सिरसा में भारी हिंसा भड़की थी, जिसमें 41 लोग मारे गए और 260 से ज्यादा घायल हुए थे।
सरकार द्वारा बार-बार दी जा रही राहत पर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं, खासकर इसे आगामी कार्यक्रम और चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।