बिहार में रैली की पहलगाम क्यों नहीं गए मोदी? उदित राज का तंज; बोले– EVM से नहीं हो सकते निष्पक्ष चुनाव

कांग्रेस नेता डॉ. उदित राज शनिवार को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें एक संयमित और जिम्मेदार विपक्ष मिला है, जो राष्ट्रहित में सरकार के साथ खड़ा है।
पाकिस्तान पर कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना
डॉ. उदित राज ने हालिया घटनाओं के संदर्भ में सरकार की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा, “11 दिन हो गए, विपक्ष एक स्वर में कार्रवाई की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार की ओर से सिर्फ गुस्से का प्रदर्शन हो रहा है। ऐसा लगा जैसे शाह पहलगाम जाकर गोला फेंक देंगे और मोदी बिहार की रैली से पाकिस्तान को मिटा देंगे।”
उन्होंने कहा कि पूरा देश पाकिस्तान को सबक सिखाने का इंतजार कर रहा है, लेकिन सरकार सिर्फ तस्वीरें और वीडियो दिखाकर जनता को गुमराह कर रही है।
नदियों का पानी रोकने की योजना को बताया अव्यवहारिक
सरकार द्वारा पाकिस्तान की ओर बहने वाले पानी को रोकने की बात पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह कोई नल का पानी नहीं है, यह नदी का पानी है। इसके लिए बांध बनाने होंगे, जो सालों लगेंगे।
जाति जनगणना और आरक्षण सीमा बढ़ाने की वकालत
डॉ. उदित राज ने जाति जनगणना को सामाजिक एक्स-रे बताते हुए कहा कि इससे समाज में पिछड़े वर्गों की स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने मांग की कि जनगणना में कॉरपोरेट सेक्टर, मीडिया, निवेश और उद्योगों में जातीय भागीदारी के आंकड़े भी जोड़े जाएं।
साथ ही उन्होंने 50% आरक्षण की सीमा को बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि इससे सामाजिक न्याय की दिशा में ठोस कदम उठाया जा सकेगा।
ईवीएम पर भी उठाए सवाल
डॉ. उदित राज ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उद्यमी एलन मस्क के हवाले से ईवीएम पर सवाल उठाए और कहा कि ईवीएम से निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं। उन्होंने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग दोहराई।
उन्होंने कहा कि विपक्ष और देश की जनता सरकार के साथ है, लेकिन अब समय आ गया है कि सरकार जवाब दे कि पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई कब और कैसे की जाएगी।
