AurangabadBreaking News

औरंगाबाद में सनसनीखेज हादसा : तालाब में डूबकर दो जिगरी दोस्तों की दर्दनाक मौत, गांव में मातम

औरंगाबाद जिले के खुलताबाद तालुका के सोनखेड़ा इलाके में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हुआ। दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले दो जिगरी दोस्तों की तालाब में डूबकर मौत हो गई। यह घटना दोपहर करीब तीन बजे सामने आई और पूरे गांव में मातम छा गया।

घोड़गांव निवासी आकाश रमेश गोरे (16) और अनिकेत रमेश बनकर (16) मृतक छात्रों के नाम हैं। दोनों सद्गुरु जनेश्वर माध्यमिक विद्यालय, घोड़गांव में दसवीं कक्षा में पढ़ते थे। जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल से लौटने के बाद दोनों करीब दो बजे मवेशी चराने के लिए घर से निकले थे।

मवेशी चराते-चराते वे सोनखेड़ा के पाझर तालाब तक पहुंचे। वहां उन्होंने नहाने के लिए तालाब में उतरने का निर्णय लिया, लेकिन तैरना न जानने और गहराई का अंदाजा न होने से दोनों पानी में डूब गए।

कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति को तालाब किनारे कपड़े और चप्पलें नजर आईं। शक होने पर उसने तुरंत गांववालों को बुलाया। गांव के ही एक तैराक युवक ने तालाब में उतरकर अथक प्रयासों के बाद दोनों के शव बाहर निकाले।

जैसे ही घटना की खबर परिवारों तक पहुंची, पूरे घर में कोहराम मच गया। रिश्तेदार और गांववाले मातम में डूब गए। खासकर मृतक अनिकेत की मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, क्योंकि वह पहले से ही पति से अलग रहकर बेटे और बेटी के साथ मायके में रह रही थी। इकलौते बेटे को खोने के बाद मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button