Breaking NewsSocial MediaUttar Pradesh

सोशल मीडिया पर पाकिस्तान समर्थित पोस्ट से बचें: दरगाह आला हजरत का मुस्लिम युवाओं को सख्त संदेश

बरेली की प्रतिष्ठित दरगाह आला हजरत स्थित जामिया रजविया मंजरी इस्लाम में शुक्रवार को उलेमा और मुफ्ती-ए-इकराम की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता दरगाह के प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खां (सुब्हानी मियां) और सज्जाद नशीन मुफ्ती एहसान मियां ने की। इसमें मुस्लिम युवाओं को स्पष्ट संदेश दिया गया कि वे सोशल मीडिया पर पाकिस्तान से जुड़ी कोई भी सामग्री साझा करने से परहेज करें।

दरगाह से जुड़े नासिर कुरैशी ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव के मद्देनज़र यह चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि जब दो देशों के बीच युद्ध जैसा माहौल होता है, तो शत्रु देश के समर्थन में कोई भी गतिविधि—चाहे वह सोशल मीडिया पर हो—अपराध की श्रेणी में आती है। युवाओं से अपील की गई कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी पोस्ट को साझा करने से पहले उसकी वैधता और संवेदनशीलता को भली-भांति जांच लें।

देशभक्ति धार्मिक जिम्मेदारी है: मुफ्ती सलीम बरेलवी

मुफ्ती मोहम्मद सलीम बरेलवी ने कहा कि देश के प्रति निष्ठा और प्रेम न केवल संवैधानिक कर्तव्य है, बल्कि धार्मिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने आगाह किया कि पाकिस्तानी मौलवी सोशल मीडिया के ज़रिए इस्लामिक शिक्षाओं के नाम पर भारतीय मुस्लिम युवाओं को गुमराह कर रहे हैं। ये पोस्टें आला हजरत और भारत के अन्य प्रमुख इस्लामिक विद्वानों की शिक्षाओं के विपरीत हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऐसी सामग्री को न पढ़ें और न ही उसे दूसरों के साथ साझा करें।

सोशल मीडिया बना खतरा: मुफ्ती जमील खान

मुफ्ती जमील खान और मौलाना अख्तर ने कहा कि सोशल मीडिया का लापरवाही से इस्तेमाल करने वाले युवा कई बार अनजाने में देश और धर्म विरोधी गतिविधियों का हिस्सा बन जाते हैं। कई युवा कम पढ़े-लिखे होने के कारण पोस्ट की वास्तविकता को समझ नहीं पाते और धार्मिक नाम या थंबनेल देखकर उसे साझा कर देते हैं। मौलाना अख्तर ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया का अनुशासनहीन उपयोग ऐसा है जैसे किसी बच्चे को हथियार थमा देना।

समाज और देश की सुरक्षा के लिए चेतावनी

दरगाह आला हजरत की इस अपील को समाज और देश की सुरक्षा से जोड़ते हुए एक सख्त चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। मुस्लिम युवाओं से खासतौर पर आग्रह किया गया है कि वे डिजिटल माध्यमों पर सजग रहें और किसी भी देशविरोधी सामग्री से खुद को दूर रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button