धुले-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वडीगोदरी के पास भीषण सड़क हादसा, मां-बेटी की मौके पर मौत

जालना जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। राज्य में सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं और हर दिन यात्रियों की जान जाने की खबरें आती रहती हैं। ऐसा ही एक भीषण हादसा धुले-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वडीगोदरी के पास हुआ, जिसमें मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, संभाजीनगर के रहने वाले चव्हाण परिवार के सदस्य लातूर अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान चालक द्वारा नियंत्रण खो देने से कार पलट गई और दुर्घटना हो गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में ढाई साल की नुरवी चव्हाण और 30 वर्षीय रोहिणी चव्हाण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत इलाज के लिए पाचोड के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक का माहौल है और चव्हाण परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल हादसे के पीछे का सटीक कारण सामने नहीं आया है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि कार की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ।
उदगीर-नांदेड राजमार्ग पर कार और टेंपो की जोरदार टक्कर, बाल-बाल बचे यात्री
लातूर जिले के उदगीर-नांदेड राजमार्ग पर भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें कार और आयशर टेंपो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, लेकिन गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानमाल की हानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग इलाज के बाद उदगीर से अपने गांव बढ़वणा लौट रहे थे, तभी गंडीपाटी के पास तेज रफ्तार आयशर टेंपो ने सामने से आकर उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद खुद को दोषी समझते हुए टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। इस मामले में बढ़वणा पुलिस थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
