खेलते-खेलते कार में फंसे बच्चे, दरवाजा लॉक होते ही छिन गईं चार मासूम ज़िंदगियां

आंध्र प्रदेश के विजयनगरम, चित्तूर और तेलंगाना से बच्चों की दर्दनाक मौत की खबरें
विजयनगरम/चित्तूर/तेलंगाना: आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले से रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां खेलते समय बंद कार में फंसे चार मासूम बच्चों की दम घुटने से मौत हो गई। यह दिल दहला देने वाली घटना विजयनगरम छावनी के अंतर्गत द्वारपुडी गांव की है, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया।
जानकारी के अनुसार, चारों बच्चे — 8 वर्षीय उदय, 8 साल की चारुमति, 6 साल की करिश्मा और 6 साल की मनस्वी — सुबह खेलने निकले थे। चारुमति और करिश्मा बहनें थीं। खेलते समय वे स्थानीय महिला मंडली कार्यालय के पास खड़ी एक कार में घुस गए, लेकिन अचानक दरवाजे लॉक हो गए। काफी देर तक अंदर फंसे रहने के बाद चारों की दम घुटने से मौत हो गई।
जब बच्चे काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और आखिरकार उनके शव कार के भीतर मिले। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है।
तेलंगाना में भी इसी तरह की घटना
इससे पहले अप्रैल महीने में तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में भी इसी तरह की घटना हुई थी। चेवेल्ला मंडल के दामरागिड्डा गांव में चार और पांच साल की दो बच्चियां, जो एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं, कार में फंस गईं और दम घुटने से उनकी भी मौत हो गई थी।
चित्तूर में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबे तीन बच्चे
इसी दिन एक और दुखद खबर आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले से आई, जहां कुप्पम मंडल के देवराजपुरम गांव में तीन बच्चे बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूब गए। मृतकों में 5 वर्षीय शालिनी, 6 वर्षीय अश्विन और 8 वर्षीय गौतमी शामिल हैं। ये सभी बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे और हादसा अचानक हुआ।
इन घटनाओं ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। प्रशासन से लेकर अभिभावकों तक, सभी को सतर्क रहने की जरूरत है ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।
