निष्क्रिय प्रशासक SDM गोरड को चेतावनी – तय समय में ढापा नहीं सुधारा तो मुंह काला किया जाएगा!
प्रतिनिधि: अशरफ़ अली

कन्नड़ के माळीवाडा क्षेत्र में स्थित हनुमान मंदिर के पास मुख्य सड़क पर पिछले कई दिनों से एक ढापा (गड्ढा) फूट चुका है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल शादी-विवाह का सीजन चल रहा है, और यह सड़क माळीवाडा, कुंभारवाडा, लहुजी नगर जैसी घनी आबादी वाले क्षेत्रों और सावता मंगल कार्यालय की ओर जाने का मुख्य मार्ग है।
गड्ढा टूटने के कारण बाहरी गांवों और शहर से आने-जाने वाले लोगों को भारी असुविधा हो रही है। सामाजिक कार्यकर्ता उद्धव पवार और स्थानीय नागरिकों ने आठ दिन पहले SDM प्रशासक गोरड को इस संबंध में लिखित निवेदन दिया था। उस वक्त गोरड ने कहा था कि “मुझे वरिष्ठ अधिकारी से पूछना पड़ेगा, उसके बाद देखता हूं।”
जानकारी के अनुसार, इस ढापे की मरम्मत पर लगभग 30 हजार रुपये खर्च आने हैं। नगरपरिषद प्रशासनिक नियमों के अनुसार, प्रशासक को 50 हजार रुपये तक के कार्य बिना निविदा बुलाए, सीधे अनुबंध से कराने का अधिकार है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब उनके पास कानूनन यह अधिकार है, तो फिर किसी वरिष्ठ से पूछने की जरूरत क्यों है?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर प्रशासक के मन में इच्छाशक्ति होती, तो यह कार्य कई दिन पहले ही पूरा हो जाता। अब माळीवाडा, कुंभारवाडा और लहुजी नगर के नागरिकों ने चेतावनी दी है कि अगर 21 मई 2025, बुधवार तक यह ढापा ठीक नहीं किया गया, तो नगरपरिषद के खिलाफ जन आंदोलन किया जाएगा और प्रशासक गोरड का मुंह काला किया जाएगा।
इस संबंध में नगरसेवक उद्धव पवार और क्षेत्र के समस्त नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
