वारिस पठान बोले – हम देशभक्ति दिखाने के लिए नहीं, देश के साथ खड़े हैं; पाकिस्तान को बताया दुश्मन देश

AIMIM नेता वारिस पठान ने भारतीय सेना की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि वह देश के साथ खड़े हैं, लेकिन किसी पार्टी के समर्थक नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि देशभक्ति दिखाने या चमचागिरी करने के लिए बयान नहीं दे रहे, बल्कि सच्चाई का साथ दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “मोदी वारिस पठान के भी प्रधानमंत्री हैं। हम देश के साथ खड़े हैं तो इसका मतलब यह नहीं कि किसी पार्टी को समर्थन कर रहे हैं।”
भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर की गई कार्रवाई को लेकर उन्होंने कहा, “सेना ने पाकिस्तान में घुसकर 25 मिनट में 9 आतंकवादी कैंपों को नेस्तनाबूद कर दिया और 100 से ज्यादा आतंकवादियों को खत्म किया। यह हमारे लिए गर्व और शौर्य की बात है। हम तो सलाम करते हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि जब पहली सर्वदलीय बैठक हुई थी, तब उनकी पार्टी के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने भी आतंकवाद के खिलाफ भारत के कदमों को समर्थन देने की बात कही थी। “हम तब भी साथ थे और आज भी खड़े हैं,” उन्होंने दोहराया।
पठान ने राजनीतिक दलों को निशाने पर लेते हुए कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। “मैं पाकिस्तान को पड़ोसी नहीं, दुश्मन देश मानता हूं। अलग-अलग पार्टियां अपने-अपने बैनर और फोटो लगाकर सिर्फ नुकसान कर रही हैं और पाकिस्तान इसका फायदा उठा रहा है। वहां की मीडिया मज़ाक बना रही है,” उन्होंने कहा।
