Breaking NewsNagpur

डांट के डर से घर छोड़कर मुंबई भागने निकलीं चार नाबालिग लड़कियां, नागपुर स्टेशन से सकुशल बरामद

नागपुर: छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित सुपेला क्षेत्र से मंगलवार को चार नाबालिग लड़कियां अचानक लापता हो गईं। 12 से 16 वर्ष की इन बच्चियों ने रायपुर घूमने के बाद देर से घर लौटने पर परिजनों की डांट के डर से घर न जाने का फैसला किया और मुंबई भागने के लिए निकल पड़ीं। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए सभी बच्चियों को नागपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार, चार में से तीन लड़कियां सुपेला के एक स्कूल में पढ़ाई करती हैं, जबकि एक अन्य लड़की की दोस्ती एक कपड़े की दुकान में काम करने वाली युवती से हुई थी। 22 जुलाई को चारों ने महादेव घाट घूमने का प्लान बनाया और रायपुर चली गईं। लौटते समय देर होने पर एक लड़की डर गई क्योंकि उसे आशंका थी कि घर पहुंचने पर डांट और मार पड़ सकती है।

इसके बाद सभी सहेलियां दुर्ग में रहने वाली उसी लड़की की मौसी के घर पहुंच गईं। मुंबई जाने के लिए इनके पास पैसे नहीं थे, इसलिए उन्होंने मौसी के घर में रखा गैस चूल्हा 300 रुपये में बेच दिया और उसी रकम से नागपुर तक की ट्रेन यात्रा की। वे नागपुर से सुबह 7 बजे मुंबई जाने वाली ट्रेन पकड़ने की तैयारी में थीं।

इस बीच, जब लड़कियां देर रात तक घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने सुपेला थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता से लोकेशन ट्रेस करते हुए नागपुर जीआरपी और आरपीएफ की मदद से सभी बच्चियों को नागपुर रेलवे स्टेशन से खोज निकाला। पूछताछ के बाद उन्हें शासकीय बालिका गृह, काटोल रोड नागपुर में सुरक्षित रखा गया।

सुपेला पुलिस की टीम परिजनों के साथ नागपुर पहुंची और सभी बच्चियों को सकुशल वापस लाया गया। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए समय रहते आवश्यक कार्रवाई की, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button