Breaking NewsJalna

जालना में मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी: सरस्वती मंदिर परिसर के नागरिक पानी और स्ट्रीट लाइट के लिए परेशान

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर के सरस्वती मंदिर परिसर, लक्ष्मीनगर तथा आसपास के क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर नागरिकों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है। भीषण गर्मी के बीच इस क्षेत्र में पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है, वहीं स्ट्रीट लाइट की सुविधा न होने से नागरिकों को रात के समय भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरस्वती मंदिर परिसर में लगभग 300 से 400 घर हैं और यह क्षेत्र पिछले 15 से 20 वर्षों से महानगरपालिका सीमा में शामिल है। इसके बावजूद यहां आज तक नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं की गई है। क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन अभी तक घरों को नल कनेक्शन नहीं दिया गया है। मजबूरन नागरिकों को महंगे दामों पर टैंकर से पानी खरीदकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं।

इस संबंध में स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता साद बीन मुबारक और उमेश माणिकराव काळे ने 20 फरवरी 2026 को नागरिकों के साथ मिलकर महानगरपालिका में आवेदन दिया था। इसके बाद 27 फरवरी 2026 को महानगरपालिका प्रशासन ने नगररचना, विद्युत, सार्वजनिक बांधकाम और जलपुरवठा विभाग के प्रमुखों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए थे। लेकिन डेढ़ महीने बीत जाने के बावजूद किसी भी विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

केवल पानी ही नहीं, बल्कि इस क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की भी भारी कमी है। शाम 6 बजे के बाद पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे नागरिकों का बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। अंधेरे के कारण चोरी, लूटपाट, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। खासकर महिलाओं के लिए रात में आवागमन बेहद असुरक्षित हो गया है।

नागरिकों ने इस समस्या को लेकर महानगरपालिका आयुक्त और जिलाधिकारी को भी प्रतिलिपि भेजते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते नल कनेक्शन और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेकर नागरिकों को राहत देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button