भाजपा के राज्यमंत्री के नाम वाले ट्रक से 64 लाख की शराब जब्त, यवतमाल के पुसद में मचा हड़कंप

महाराष्ट्र सरकार द्वारा शराब के दाम बढ़ाए जाने के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यवतमाल जिले के पुसद शहर में एक ट्रक से बड़ी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी गई है, जिस पर भारतीय जनता पार्टी के राज्य मंत्री मेघना दीदी साकोरे (बोर्डीकर) का नाम साफ अक्षरों में लिखा हुआ था।
यह ट्रक पुसद शहर के माहूर रोड पर एक लेआउट में खड़ा था और उसमें से शराब की पेटियां उतारी जा रही थीं। पुलिस को इस मामले की गोपनीय सूचना पहले ही मिल चुकी थी, जिसके आधार पर एसडीपीओ आरसीबी पथक ने कार्रवाई करते हुए 24 जुलाई की रात ट्रक को पकड़ा और सात लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, ट्रक हडपसर (पुणे) से नागपुर की ओर जा रहा था लेकिन अवैध रूप से पुसद शहर में शराब की हेराफेरी के लिए लाया गया। ट्रक में विदेशी ब्रांड ‘ग्रीन लेबल’ की 180 मि.ली. की 18,288 बोतलें मिलीं, जिनकी कीमत करीब 40 लाख 23 हजार 360 रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा, 22 लाख रुपये का ट्रक, 1.5 लाख रुपये की तीन बाइक, सात मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कुल जब्ती की राशि 64 लाख 72 हजार 360 रुपये है।
पुलिस ने बताया कि यह ट्रक मंत्री के रिश्तेदारों का हो सकता है, इस पर जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं – मनीष इश्वर सुरूळे, प्रवीण दत्ता जिजोरे, रामेश्वर मधुकर पवार, सचिन उद्दल चव्हाण, गोकुल बाबूसिंह चव्हाण और विक्रम बळीराम जाधव।
इस कार्रवाई से पूरे पुसद शहर में हड़कंप मच गया है और राज्यमंत्री के नाम से जुड़े ट्रक से अवैध शराब पकड़े जाने की घटना ने राज्य सरकार की किरकिरी कर दी है।
